

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट की पुलिस ने गांजा की एक बड़ी खेप को पकड़ा है। लगभग 132.86 किलोग्राम गांजा बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। चंदननगर थाने में डीसी अर्नब विश्वास ने प्रेस कान्फ्रेंस कर जानकारी दी कि ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा तस्करी कर नदिया के करीमपुर ले जाया जा रहा था, जिसे सीआईडी और चंदननगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में वाहन समेत पकड़ा गया। इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को पहले गुप्त सूचना मिली थी कि गांजा से भरा एक मालवाहक ट्रक दिल्ली रोड होते हुए नदिया की ओर जाएगा। सूचना के आधार पर सीआईडी और चंदननगर थाना पुलिस ने जाल बिछाया। रात करीब तीन बजे श्वेतपुर, दिल्ली रोड पर पुलिस की नाका चेकिंग देखकर वाहन चालक भागने लगा, लेकिन पीछा कर कोलूपुकुर इलाके में उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने वाहन चालक विशाल सरकार और खलासी सोनारुल खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें गांजा तस्करी का खुलासा हुआ। तलाशी के दौरान मछली के क्रेटों के नीचे बोरे में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार विशाल सरकार का घर मुर्शिदाबाद जिले के जालंगी में है, जबकि सोनारुल खान का घर नदिया जिले के होगलबेड़िया में है। दोनों आरोपित ओडिशा के बालासोर से गांजा लेकर नदिया के करीमपुर जा रहे थे। पुलिस ने आरोपितों को कोर्ट में पेश कर दिया है।