

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बारुईपुर के चंपाहाटी पियाली इलाके में एक पटाखा फैक्ट्री में गुरुवार दोपहर भीषण विस्फोट होने से महिला सहित दो घायल हो गये। घायलों के नाम पद्मरानी नस्कर (52) और अब्बास गाजी हैं। मिली जानकारी के अनुसार तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो फैक्ट्री धू-धू कर जल रही थी। पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया था। सूचना मिलते ही बारुईपुर थाने की पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। विस्फोट के समय फैक्ट्री के अंदर करीब पांच श्रमिक मौजूद थे। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे इलाज के लिए कोलकाता के अस्पताल में भेजा गया है। घटना के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या उक्त पटाखा फैक्ट्री के पास वैध लाइसेंस था? या फिर नियमों की अनदेखी कर इसका संचालन किया जा रहा था? पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक की पहचान और विस्फोट के समय उसकी मौजूदगी को लेकर जांच शुरू कर दी है। एक जलाभूमि के किनारे यह पटाखा फैक्ट्री चल रही थी।
नियमों की अनदेखी पर उठते रहे हैं सवाल
चंपाहाटी लंबे समय से पटाखों के कारोबार के लिए जाना जाता है । हालांकि, आरोप लगते रहे हैं कि इलाके की कई पटाखा फैक्ट्रियां नियमों की अनदेखी कर संचालित होती हैं। इसके चलते समय-समय पर दुर्घटनाएं भी होती रही हैं। अवैध पटाखा फैक्ट्रियों में हुए हादसों में पहले भी कई लोगों की जानें जा चुकी हैं। ऐसी घटनाओं के बाद पुलिस जांच करती है और आरोपियों की गिरफ्तारी भी होती है, लेकिन कुछ समय बाद फिर नई पटाखा फैक्ट्रियां सामने आ जाती हैं।
बारुईपुुर पुलिस के एक अधकारी ने यह कहा
बारुईपुर पुलिस के एक उच्च अधिकारी ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।