

कोलकाता: केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल में छह सड़क परियोजनाओं के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 1,042.62 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इन परियोजनाओं के तहत राज्य में कुल 194.10 किलोमीटर सड़कों का विकास किया जाएगा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी।
गडकरी ने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य में कनेक्टिविटी बेहतर होगी, यात्रा का समय कम होगा और सड़क सुरक्षा में सुधार आएगा। बेहतर सड़कों से बाजारों, शिक्षण संस्थानों और स्वास्थ्य सुविधाओं तक लोगों की पहुंच भी आसान होगी।
उन्होंने कहा कि सड़क infrastructure के इस विस्तार से लोगों और माल की आवाजाही को गति मिलेगी। साथ ही, क्षेत्रीय व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ लास्ट-माइल कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। परियोजनाओं से प्रमुख मार्गों की क्षमता बढ़ेगी और परिवहन लागत में कमी आने की उम्मीद है।
यह मंजूरी केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF) योजना के तहत दी गई है। इस योजना के माध्यम से सड़क बुनियादी ढांचे के विकास और सुदृढ़ीकरण के लिए धन उपलब्ध कराया जाता है।
राज्य के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने केंद्र की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि सड़क परियोजनाओं से राज्य के विकास और बेहतर संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।