सीबीआई ने चुनाव बाद हिंसा मामले में 2021 से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया

CBI
CBI
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

नयी दिल्ली : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा के एक मामले में 2021 से फरार आरोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कथित भगोड़े नजीर हुसैन को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में उसके ससुर के आवास से गिरफ्तार किया गया।

यह उन मामलों में से एक है, जिन्हें सीबीआई ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देशों पर दर्ज किया है। दो मई, 2021 को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद, राज्य के कई हिस्सों में हिंसा भड़क उठी थी, जिसके परिणामस्वरूप हत्या, बलात्कार और बलात्कार के प्रयास के कई मामले दर्ज किए गए।

उच्च न्यायालय में सीबीआई जांच की मांग करते हुए कई रिट याचिकाएं दायर की गईं, जिसके बाद मामले को केंद्रीय जांच एजेंसी को सौंप दिया गया। सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘आरोप है कि नजीर हुसैन ने अन्य आरोपियों के साथ आपराधिक साजिश रचकर दो मई 2021 की सुबह हसनुर जमां को घेर लिया और राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और मस्जिद की जमीन पर क्लब हाउस के निर्माण को लेकर हुए विवाद के चलते उनकी हत्या कर दी।’’

मामले में हुसैन समेत 12 अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया था। यह मामला पश्चिम बंगाल के बारासात न्यायालय में विचाराधीन है। प्रवक्ता ने बताया कि हुसैन को बृहस्पतिवार को बारासात की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in