गर्भवती महिला से उत्पीड़न और मारपीट के आरोप में पुलिस ड्राइवर पर FIR

करया थाने में मामला दर्ज
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता: पश्चिम बंगाल पुलिस के एक ड्राइवर और उसके सहयोगी पर गर्भवती महिला का पीछा करने, उसे परेशान करने तथा उस पर हमला करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता की बार-बार की शिकायतों पर कार्रवाई न होने पर उसने BNSS की धारा 175(3) के तहत मजिस्ट्रेट अदालत का रुख किया, जिसके आदेश पर करया थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

शिकायत के मुताबिक, सितंबर 2025 में एक थाना प्रभारी का ड्राइवर महिला से अवांछित नजदीकी बढ़ाने की कोशिश कर रहा था। इनकार करने पर उसने महिला का पीछा और उत्पीड़न जारी रखा। आरोपी अपने वरिष्ठ अधिकारी का नाम लेकर डराता-धमकाता था, जिससे तंग आकर महिला को अपनी नौकरी छोड़नी पड़ी।

आरोप है कि 4 अप्रैल को मेडिकल जांच से लौटते समय आरोपी और उसके साथी ने महिला को रास्ते में रोका। इसके बाद 13 मई को, जब पीड़िता पांच महीने की गर्भवती थी, दोनों आरोपियों ने तिलजला रोड पर उसकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसके पेट में चोट आई।

कई महीनों तक पुलिस द्वारा सुध न लिए जाने पर पीड़िता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के सख्त रवैये के बाद दर्ज हुई इस FIR के संबंध में पुलिस का कहना है कि आरोपी को जांच में शामिल होने का नोटिस भेज दिया गया है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in