नग्न फोटो वायरल करने की धमकी देकर छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में प्राइवेट ट्यूटर गिरफ्तार
दक्षिण 24 परगना: एक छात्रा की नग्न तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक एक प्राइवेट ट्यूटर को गिरफ्तार किया है। आरोपित प्राइवेट ट्यूटर ने छात्रा की निजी तस्वीरें और वीडियो मोबाइल में कैद कर ब्लैकमेल किया और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर बार-बार यौन शोषण किया। आरोपी का नाम तरुण मंडल है। यह घटना कैनिंग इलाके में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़िता कैनिंग की रहने वाली है और उसके परिवार ने उसे इसी ट्यूटर के पास पढ़ाई के लिए भेजा था। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। न केवल इतना, बल्कि उसने छात्रा की गुप्त तस्वीरें और वीडियो मोबाइल में कैद कर लिए। इन तस्वीरों और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसने कक्षा 8 की छात्रा के साथ बलात्कार किया। डर के कारण छात्रा किसी को कुछ बता नहीं पाई। शनिवार शाम को छात्रा पढ़ाई के लिए ट्यूटर के घर गई थी। आरोप है कि पढ़ाई खत्म होने के बाद ट्यूटर ने उसे एक सुनसान मैदान के बीच में ले जाकर फिर से यौन उत्पीड़न की कोशिश की। उस समय कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें देख लिया। संदेह होने पर अन्य लोगों ने मैदान में जाकर छात्रा को उद्धार किया। ग्रामीणों को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन लोगों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया।छात्रा के परिजनों को सूचना दी गई। रात में ही छात्रा के परिवार ने कैनिंग थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

