सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बड़ाबाजार में दिनदहाड़े एक व्यवसायी के कार्यालय में घुसकर लुटेरों का एक गिरोह 15 लाख रुपये लूटकर फरार हो गया। घटना बड़ाबाजार थानांतर्गत सिनागॉग स्ट्रीट स्थित बहुमंजिली इमारत की चौथी मंजिल के ऑफिस की है। आरोप है कि लुटेरों ने व्यवसायी से मारपीट की और फिर उसका हाथ-पैर बांध दिया। आरोप है कि हथियार की नोक व्यवसायी से 15 लाख रुपये लूटकर तीन लुटेरे वहां से फरार हो गये। घटना को लेकर पीड़ित व्यवसायी उमेद ढारीवाल ने बड़ाबाजार थाने में शिकायत दर्ज करायी। घटना की सूचना पाकर बड़ाबाजार थाना के अलावा कोलकाता पुलिस के डीडी के एंटी डकैती सेक्शन के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगालकर लुटेरों की तलाश कर रही है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार बड़ाबाजार के 4 नं. सिनागॉग स्ट्रीट के चौथे तल्ले पर व्यवसायी उमेद ढारीवाल का ऑफिस है। आरोप है कि सोमवार की शाम जब वह ऑफिस में बैठा था तभी तीन लोग उसके ऑफिस में घुस आए। आरोप है कि अभियुक्तों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर उसके हाथ-पैर बांध दिये। इसके बाद लुटेरे उसके ऑफिस में रखे 15 लाख से अधिक रुपये लूटकर फरार हो गये। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से उसने हाथ-पैर खोला और फिर घटना की जानकारी बड़ाबाजार थाने की पुलिस को दी। घटना को लेकर सोमवार की रात को ही थाने में शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने जांच के दौरान बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगालकर तीन लुटेरों को चिह्नित किया है। पुलिस ने प्राथमिक जांच में पाया कि पूरी प्लानिंग के तहत व्यवसायी के ऑफिस में लूट को अंजाम दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार सोमवार की शाम 4.30 बजे दो सफेद रंग और एक लाल रंग की टोपी पहने हुए तीन लोग बिल्डिंग में दाखिल हुए। वे लोग सीथे चौथे तल्ले पर मौजूद व्यवसायी के ऑफिस में पहुंचे। पहले एक अभियुक्त व्यवासीय के कार्यावय के अंदर गया और थोड़ी देर बाद बाकी दोनों अभियुक्त भी घुस गये। करीब 5 मिनट बाद तीनों अभियुक्तों को एक बैग लेकर बाहर निकलते हुए सीसीटीवी कैमरे में देखा गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार अभयुक्तों को पहले पता था कि वहां सीसीटीवी कैमरा है, इसलिए वे लोग टोपी पहन कर लूट करने आये थे ताकि उनका चेहरा चिह्नित न हो सके। पुलिस सूत्रों के अनुसार अभियुक्तों को पहले से पता था कि उक्त व्यवसायी के ऑफिस में रुपये है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।