नारकेलडांगा में व्यवसायी से 20 लाख रुपये की लूट, एक गिरफ्तार

हावड़ा के बेंटरा से पकड़ा गया अभियुक्त
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : नारकेलडांगा इलाके में कारोबारी से 20 लाख रुपये की लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने देवर्षि मुखोपाध्याय नामक एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने लूट की रकम में से 1.15 लाख रुपये बरामद किए हैं। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार की शाम नारकेलडांगा थाना क्षेत्र के कैनाल ईस्ट रोड पर हुई। इलाके के एक व्यवसायी एवं प्रिंटिंग प्रेस संचालक ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अपनी कार में बैठे एक परिचित व्यक्ति के साथ नकदी का लेनदेन कर रहे थे। इसी दौरान चार युवक उनकी कार के पास पहुंचे, जबरन दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर खींच लिया और विरोध करने पर मारपीट की। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें धारदार हथियार दिखाकर धमकाया और कार में रखा 20 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। शिकायत मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू की। जांच में पुलिस को संदेह हुआ कि बदमाश कुछ दूरी पर खड़ी एक कार से फरार हुए थे। वाहन के सुराग के आधार पर पुलिस हावड़ा पहुंची और वहां के बेंटरा इलाके से देवर्षि मुखोपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पुलिस को मामले से जुड़ी एक और अहम जानकारी मिली। जांच में पता चला कि व्यवसायी ने अपने एक विश्वस्त कर्मचारी से कथित तौर पर कुछ काले धन को सफेद कराने की इच्छा जताई थी। कर्मचारी के माध्यम से उसकी मुलाकात एक एजेंट से कराई गई। एजेंट ने कथित रूप से व्यवसायी को भरोसा दिलाया कि 20 लाख रुपये के बदले उसे 30 लाख रुपये वैध नकदी उपलब्ध कराई जाएगी। इस लालच में व्यवसायी तय स्थान पर नकदी लेकर पहुंच गया। पुलिस का मानना है कि नकदी के इस लेनदेन की सूचना पहले ही लुटेरों तक पहुंच गई थी। जैसे ही कार के भीतर पैसों का आदान-प्रदान शुरू हुआ, चारों बदमाशों ने धावा बोलकर नकदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in