

पूर्वोत्तर से दिल्ली और राजस्थान तक फैला था नेटवर्क
दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : नोटों की गड्डी ऐसी कि पहली नजर में किसी को शक तक न हो! ऊपर असली नोट, नीचे असली नोट और बीच में सफेद कागज। इसी शातिर तरीके से हवाला कारोबारियों और सोना व्यापारियों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने वाले अंतरराज्यीय ठगी गिरोह के कथित मास्टरमाइंड को बड़ाबाजार थाना पुलिस ने गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कन्हैया लाल के रूप में हुई है। वह राजस्थान का रहने वाला है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नकली नोटों की गड्डियां देकर कारोबारियों से असली रुपये ऐंठता था। उसकी ठगी का तरीका इतना शातिर था कि गड्डी के ऊपर और नीचे असली नोट रखे जाते थे, जबकि बीच का पूरा हिस्सा सफेद कागज से भरा होता था। इस तरह पांच लाख रुपये की गड्डी दिखाकर कारोबारियों को झांसे में लिया जाता था। एक ऐसी ही गड्डी में निजी बैंक के लोगो वाला कागज भी मिला है।
जांच में अब तक सामने आया है कि आरोपी ने कोलकाता में ही चार करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। उसका नेटवर्क केवल बंगाल तक सीमित नहीं था। पूर्वोत्तर राज्यों, ओडिशा, दिल्ली और राजस्थान में भी वह कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार कई राज्यों में फैले हुए हैं और ठगी के इस खेल में अन्य लोग भी शामिल हैं। सूरत से गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया। सरकारी वकील ने अदालत को ठगी के इस अनोखे तरीके की जानकारी दी। पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों, ठगी की कुल रकम और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आरोपी की पुलिस हिरासत मांगी। अदालत ने उसे 7 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस पहले ही चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। कन्हैया लाल की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियों की नजर इस गिरोह के पूरे नेटवर्क पर है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अब तक ठगी गई करोड़ों की रकम कहां खपाई गई और इस सुनियोजित ठगी में किन-किन लोगों की भूमिका रही है।