सॉल्टलेक में तृणमूल पार्षद के घर में लाखों की चोरी

चुनावी हिंसा के डर से घर छोड़ कर भागी थी पार्षद
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

विधाननगर : विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद संभावित हिंसा के डर से अपना घर छोड़कर बाहर रह रही तृणमूल कांग्रेस की पार्षद के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया है। घटना विधाननगर नगर निगम के वार्ड नंबर 38 की है। यहां पर पार्षद आलो दत्ता के दत्ताबाद स्थित घर का ग्रिल काटकर चोरों ने लाखों रुपये के सोने के गहने और नकदी उड़ा ली। घटना की सूचना मिलने के बाद गुरुवार को पार्षद अपने बेटे के साथ लौटीं और विधाननगर दक्षिण थाने में मामला दर्ज कराया।

क्या है पूरा मामला

पुलिस सूत्रों के अनुसार पार्षद आलो दत्ता ने बताया कि सोमवार और मंगलवार के बीच किसी समय चोरों ने उनके घर के पिछले हिस्से के ग्रिल को कटर से काट दिया और भीतर दाखिल हो गए। चोरों ने पूरे घर को खंगाल डाला और अलमारी में रखे दो सोने के हार, कान की बालियां, अंगूठियां और करीब 50 हजार रुपये की नकदी समेट ले गए। इसके अलावा पार्षद के पति की दवाओं से भरा एक ब्रीफकेस भी गायब है। सुरक्षा के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी चोरों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। गुरुवार को पड़ोसियों से घर का ताला टूटने की सूचना मिलने पर वे वापस लौटीं। पुलिस के अनुसार, चुनावी नतीजे आने के ठीक अगले दिन से ही पार्षद आलो दत्ता और उनके पति निर्मल दत्ता दत्ताबाद स्थित अपना घर छोड़कर चले गए थे। निर्मल दत्ता को बीते अप्रैल महीने में टीएमसी उम्मीदवार सुजीत बोस के समर्थन में मतदाताओं को धमकाने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था। पार्षद ने बताया कि वे पहले पति के इलाज के लिए तमिलनाडु के वेल्लोर गयी थी और वहां से लौटने के बाद से हुगली स्थित अपने पैतृक आवास में रह रही थी।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in