बहूबाजार में 100 साल पुराने मकान का हिस्सा ढहा, एक की मौत

हादसे में 4 मजदूर हुए घायल

बहूबाजार में 100 साल पुराने मकान का हिस्सा ढहा, एक की मौत
Published on

कोलकाता : बहूबाजार थानांतर्गत श्रीनाथ दास लेन इलाके में एक 100 साल पुराने मकान का हिस्सा अचानक ढहने से एक मज़दूर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक का नाम आशुतोष अधिकारी है । वह दक्षिण 24 परगना के कैनिंग का रहनेवाला था। यह हादसा उस वक्त हुआ जब मज़दूर तीन मंजिला पुराने मकान के खंभों को मजबूत करने का कार्य कर रहे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह मरम्मत कार्य कोलकाता नगर निगम से आवश्यक अनुमति लिए बिना किया जा रहा था। पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है और मकान के एक किराएदार मुकेश जायसवाल को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मुकेश ने अन्य किराएदारों से चंदा इकट्ठा कर इन मज़दूरों को मरम्मत कार्य में लगाया था।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना रविवार सुबह करीब 11:30 बजे उस समय हुई जब मज़दूर मकान की पहली मंजिल पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मकान की छत और फर्श दोनों ढह गए, जिससे सभी मज़दूर मलबे में दब गए। स्थानीय लोग, पुलिस और दमकल कर्मियों ने मिलकर उन्हें कुछ मिनटों बाद मलबे से बाहर निकाला। घायलों को कोलकाता मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाया गया, जहाँ अशुतोष अधिकारी (40) को मृत घोषित कर दिया गया। एक अन्य मज़दूर संजीब हाल्दार ने बताया, ‘पिछले तीन दिनों से हम वहां काम कर रहे थे। हम खंभों और छत को प्लाईवुड और लोहे की संरचनाओं से मजबूत कर रहे थे तभी छत ढह गई। मेरा साला मलबे के नीचे बुरी तरह दब गया था। जब तक उसे बाहर निकाला गया, वह बेहोश था और शायद तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।’ यह सौ साल पुराना घर श्रीनाथ दास लेन में स्थित है और कभी प्रसिद्ध वकील श्रीनाथ दास का था, जिनके नाम पर ही यह सड़क बनी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान के मूल मालिक इसे बहुत पहले छोड़ चुके हैं और अब उसमें कई किराएदार रहते हैं, जो इमारत के विभिन्न हिस्सों में फैले हुए हैं। एक चश्मदीद दीपंकर चौधरी ने बताया, ‘पिछले छह महीने से मकान की हालत काफी खराब थी। फिर अचानक मरम्मत का काम शुरू हुआ। रविवार को अचानक ज़ोर की आवाज़ सुनाई दी और मकान का हिस्सा ढह गया। उस वक्त अंदर मज़दूर काम कर रहे थे। कुछ भागने में सफल हुए लेकिन एक मज़दूर दब गया।’

घटना के बाद कोलकाता नगर निगम के बिल्डिंग विभाग, डीएमजी, दमकल विभाग और बहूबाजार पुलिस ने मिलकर एक टीम बनाई जो इमारत की संरचनात्मक स्थिति की जांच कर रही है। सुरक्षा के लिए इलाके को घेरकर बैरिकेड लगाए गए हैं।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in