बजबज में छात्रा का फंदे से लटकता शव बरामद

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

बजबज : बजबज थानांतर्गत बुईता इलाके में स्थित एक निजी मेस के कमरे से 21 वर्षीय छात्रा का फंदे से लटकता शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान दीपा पाल के रूप में हुई है। वह बुईता इलाके के एक निजी कॉलेज में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग की छात्रा थी। सूत्रों के अनुसार, दीपा मूल रूप से पूर्व बर्दवान जिले के कटवा की रहने वाली थी। पढ़ाई के सिलसिले में वह बुईता इलाके में स्थित एक निजी मेस में रह रही थी। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले उसकी मां उससे मिलने आई थी। मुलाकात के बाद वह वापस कटवा लौट गई थी।

मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी स्थानीय लोगों के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही बजबज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का जायजा लेने के बाद छात्रा के शव को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रा के परिवार और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले छात्रा की किसी से बातचीत या कोई विवाद हुआ था या नहीं। घटना के बाद से इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in