बैंक सर्वर हैक कर 66 लाख रुपये की ठगी

दिल्ली से आरोपी गिरफ्तार, बहूबाजार थाना की घटना
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : बैंक के सर्वर को कथित रूप से हैक कर एक ग्राहक के खाते से 66 लाख रुपये निकालने के मामले में कोलकाता पुलिस ने एक अभियुक्त को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त की पहचान हिमांशु सचदेवा के रूप में हुई है। मामले की जांच कर रही बहूबाजार थाना पुलिस ने आरोपी को दिल्ली के मोती नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। ट्रांजिट रिमांड पर लाए गए आरोपी को सोमवार को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया।

आरोपी की ओर से पेश वकील अभिजीत बर्नदास और शुभ बसु ने बताया कि यह मामला बहूबाजार थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता महिला ने मई 2025 में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उनके बैंक खाते से 66 लाख रुपये गायब हो गए हैं। जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ कि बैंक के सर्वर में सेंध लगाकर यह रकम निकाली गई। जांच में यह भी सामने आया कि ठगी की गई राशि कई अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित की गई थी। पुलिस के अनुसार, उन खातों में से एक खाता दिल्ली निवासी हिमांशु सचदेवा का भी था, जिसमें कथित रूप से रकम का एक हिस्सा जमा हुआ था। तकनीकी जांच और वित्तीय लेनदेन के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। सोमवार को बैंकशाल अदालत में पेशी के बाद अदालत ने हिमांशु सचदेवा को 4 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in