

कोलकाता : न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में शुक्रवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा सचिवालय की ओर से नव-निर्वाचित विधायकों के लिए दो दिवसीय विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसमें तृणमूल कांग्रेस के कालीघाट और ऋतब्रत बनर्जी, दोनों गुटों के विधायक हिस्सा लेंगे। पहली बार निर्वाचित विधायकों तथा नए मंत्रियों को विधानसभा की कार्यप्रणाली और संसदीय परंपराओं से परिचित कराने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष रथींद्र बोस, विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी, संसदीय कार्य मंत्री डॉ. शंकर घोष तथा कुणाल घोष सहित तृणमूल के दोनों गुटों के विधायक उपस्थित रहेंगे।
सूत्रों के अनुसार, ममता समर्थक खेमा केवल ओरिएंटेशन कार्यक्रम में भाग लेने तक सीमित नहीं रहेगा। संभावना है कि कार्यक्रम के दौरान तृणमूल में जारी राजनीतिक संकट, सांसदों-विधायकों की बगावत और संगठन में टूट-फूट के मुद्दे पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से अलग से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन भी सौंपेगा।
इस बीच ममता खेमे की ओर से कुणाल घोष ने कहा, "यह ओरिएंटेशन कार्यक्रम बेहद जरूरी है, खासकर उन विधायकों के लिए जो पहली बार विधानसभा पहुंचे हैं। हमारे दल में भी कई सदस्य पहली बार विधायक बने हैं। इसलिए हम निश्चित रूप से इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।"