

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस में जारी अंदरूनी कलह अब 21 जुलाई के शहीद दिवस कार्यक्रम तक पहुंच गया है। सूत्रों के अनुसार, खुद को 'असली तृणमूल' बताने वाले दोनों गुटों ने धर्मतला स्थित विक्टोरिया हाउस के सामने सभा आयोजित करने के लिए कोलकाता पुलिस से अनुमति मांगी है।
हाल ही में उत्तर कोलकाता में आयोजित एक कार्यकर्ता सम्मेलन में फोन के जरिए ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं से 21 जुलाई को बड़ी संख्या में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभा की अनुमति मिलने की उम्मीद है और यदि केवल पांच कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, तब भी वह कार्यक्रम में शामिल होंगी।
इसके बाद कालीघाट समर्थक गुट ने पुलिस को औपचारिक आवेदन सौंप दिया। सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा कि यदि मंच बनाने की अनुमति नहीं मिली, तो ममता बनर्जी वाहन पर खड़े होकर भी सभा को संबोधित करेंगी।
वहीं, दूसरी ओर ऋतब्रत बनर्जी खेमे ने भी 21 जुलाई के आयोजन पर अपना दावा पेश किया है। गुट के नेता अखरुज्जमां ने कहा, "अब तक 21 जुलाई के कार्यक्रम में नेताओं और फिल्मी हस्तियों की भीड़ के बीच शहीद परिवारों को वह सम्मान नहीं मिल पाया, जिसके वे हकदार थे।
इस बार विक्टोरिया हाउस के सामने शहीदों को श्रद्धांजलि दी जएगी और उनके परिवारों को वास्तविक सम्मान मिलेगा।" उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन से अनुमति नहीं मिली, तो वैकल्पिक स्थान पर कार्यक्रम आयोजित करने पर विचार किया जाएगा।