

कोलकाता : महानगर के प्रमुख पर्यटन स्थल, विक्टोरिया मेमोरियल में शुक्रवार को एक धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस और बम स्क्वॉड ने पूरे परिसर में तलाशी अभियान चलाया, हालांकि किसी भी विस्फोटक या बम का पता नहीं चला। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात विक्टोरिया मेमोरियल प्रशासन को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें बताया गया कि मेमोरियल परिसर में विस्फोटक रखा गया है और शुक्रवार को इसे उड़ाया जाएगा। इसके अलावा, सोशल मीडिया के पेज पर भी धमकी संदेश भेजा गया। इस सूचना के बाद प्रशासन ने हेस्टिंग्स थाना को लिखित रूप से सतर्क किया और मामले की जानकारी खुफिया विभाग को दी। बम स्क्वॉड और स्नीफर डॉग के साथ पूरे विक्टोरिया परिसर में तलाशी अभियान चला। कुछ समय के लिए सभी पर्यटकों को बाहर निकाला गया। हालांकि, तलाशी के बाद कोई विस्फोटक नहीं मिला। पुलिस ने बताया कि हाल ही में राज्य के कई अदालतों, पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट सेवा केंद्रों को भी इसी तरह आरडीएक्स विस्फोट की धमकी ई-मेल के माध्यम से मिली थी, जो बाद में फर्जी पाई गई। इसी तरह की धमकी भेजने के आरोप में गुजरात पुलिस ने उत्तर 24 परगना निवासी सौरभ विश्वास को गिरफ्तार किया था। विक्टोरिया मेमोरियल में भेजी गई इस धमकी ई-मेल की जांच जारी है। पुलिस का अनुमान है कि यह ई-मेल वीपीएन के माध्यम से भेजा गया था। मामले की पूरी पड़ताल चल रही है।