संवाददातओं को संबोधित करते सीएम शुभेंदु अधिकारी
कोलकाता सिटी
बंगाल को नशामुक्त बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
31 करोड़ रुपये के कफ सिरप पर सीएम ने चलाया रोड रोलर
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कहा कि राज्य को नशा-मुक्त बनाना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि नशे की लत उन कारणों में से एक है, जो महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों सहित विभिन्न गंभीर अपराधों को बढ़ावा देती है। न्यू टाउन के ईको पार्क में 31 करोड़ रुपये मूल्य के प्रतिबंधित ''कफ सिरप'' की करीब 3.10 लाख बोतलों को नष्ट किए जाने की प्रक्रिया में शामिल होने के बाद सीएम शुभेंदु ने कहा कि उनकी सरकार राज्य को ‘नशामुक्त बंगाल’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा, ‘‘नशामुक्त भारत, पश्चिम बंगाल के लिए भी उतना ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि बारुईपुर की घटना समेत राज्य में पहले हुए अपराधों में हमने पाया है कि नियमित रूप से नशा करने वाले लोग ही इन बर्बर कृत्यों के पीछे हैं, खासकर महिलाओं के खिलाफ अपराधों में।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की लत परिवारों और समाज को भी बड़े स्तर पर प्रभावित कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘नशे की लत के कारण समाज, परिवार और समूचा तंत्र प्रभावित हो रहा है। पश्चिम बंगाल में हमारी सरकार को सत्ता में आए लगभग पांच महीने हो चुके हैं और हमने इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।’’कफ सिरप नष्ट करने का यह कार्यक्रम ‘नशामुक्त भारत-2029’ अभियान के तहत बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय द्वारा आयोजित किया गया था। सीएम ने कहा कि मादक पदार्थों की समस्या पर अंकुश लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), राज्य पुलिस, एसटीएफ, एनसीबी, कोलकाता पुलिस और अन्य केंद्रीय एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आज यहां 31 करोड़ रुपये मूल्य के प्रतिबंधित ''कफ सिरप'' की करीब 3.10 लाख बोतलों को नष्ट किया गया। यह एक बड़ी सफलता है।’’ इस महीने की शुरुआत में शुभेंदु ने दक्षिण दिनाजपुर जिले के बालुरघाट में जब्त की गई फेंसिडिल कफ सिरप की करीब दो लाख बोतलों को नष्ट किए जाने की प्रक्रिया की निगरानी की थी।

