

कोलकाता : एसआईआर को लेकर आम लोगों की परेशानियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी बीच पूर्व जादवपुर के मुकुंदपुर इलाके में एक बीएलओ का फंदे से लटकता हुआ शव बरामद किया गया। मृतक का नाम अशोक दास है। गुरुवार की सुबह परिजनों ने उन्हें अपने घर में फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया। घटना की सूचना मिलते ही कोलकाता पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली और घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए।
क्या है पूरा मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अशोक दास का घर पूर्व जादवपुर के मुकुंदपुर क्षेत्र के अहल्या नगर में है। वह दक्षिण 24 परगना के जयनगर इलाके स्थित बहरू हाई स्कूल में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। हाल ही में चल रहे एसआईआर अभियान में उन्हें बीएलओ की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वह पूर्व जादवपुर के चितकालिकापुर एफ.पी. स्कूल स्थित 110 नंबर मतदान केंद्र के बीएलओ के रूप में कार्यरत थे। गुरुवार की सुबह परिजनों ने उन्हें घर में फंदे से लटका हुआ देखा, जिसके बाद उन्हें तुरंत ईएम बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की बहन का आरोप है कि एसआईआर से जुड़े काम को लेकर उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था और इलाके में भी तनावपूर्ण माहौल था। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि बुधवार की शाम अशोक अपनी पत्नी के साथ बाजार गये थे। अशोक का बेटा मध्य कोलकाता के अंग्रेजी माध्यम स्कूल का छात्र है। गुरुवार की सुबह 8 बजे वह बाथरूम में गया। काफी देर तक उसके बाहर नहीं निकलने पर पत्नी ने आवाज लगायी। बाद में दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर उसे फंदे से लटकता हुआ पाया गया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।