कवि कोकिल विद्यापति की प्रतिमा तोड़े जाने के विरोध में मना काला दिवस, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

मिथिला विकास परिषद के अध्यक्ष अशोक झा के नेतृत्व में तारासुंदरी पार्क में हुआ विरोध प्रदर्शन, सीबीआई जांच और प्रतिमा के पुनर्स्थापन की उठी मांग।
Kolkata
मिथिला विकास परिषद
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बिहार के मधुबनी जिले के रहिका प्रखंड स्थित जीवछ घाट पर कवि कोकिल विद्यापति की वर्षों पुरानी प्रतिमा तोड़े जाने की घटना के विरोध में मिथिला विकास परिषद ने कोलकाता में काला दिवस मनाया। इस घटना से मिथिलावासियों में भारी आक्रोश है। परिषद के अध्यक्ष अशोक झा के नेतृत्व में तारासुंदरी पार्क में यायावर कवि वैद्यनाथ मिश्र 'यात्री-नागार्जुन' की प्रतिमा के समक्ष विरोध सभा आयोजित की गई। इसमें उपस्थित लोगों ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर मौन विरोध दर्ज कराया और काले बैज पहनकर घटना की निंदा की।

विद्यापति की प्रतिमा पर हमला मिथिला की अस्मिता का अपमान

सभा में वक्ताओं ने कहा कि महाकवि विद्यापति किसी जाति, वर्ग या राजनीतिक दल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे संपूर्ण मिथिला और भारतीय साहित्यिक परंपरा की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना करोड़ों मैथिलों की भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य है।

सीबीआई जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

अशोक झा ने बिहार सरकार और प्रशासन से मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा करने, दोषियों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी तथा प्रतिमा को पुनः सम्मानपूर्वक स्थापित करने की मांग की। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए प्रतिमा स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में शक्ति सिन्हा, नन्द कुमार सिंह, फेंकू राय, मोहन चौधरी, सुभाशीष सिंह, राजेन्द्र मंडल, रमेश झा, पंडित शंभू झा, राजीव शर्मा, हरिनारायण राय और पंडित दुर्गानन्द झा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। अंत में संकल्प लिया गया कि मिथिला की अस्मिता पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 'बाबा विद्यापति अमर रहें' और माता सीता के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News