न्यूटाउन में भाजपा कर्मी की हत्या

टीएमसी पर लगा आरोप
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

विधाननगर : विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद राज्य में शुरू हुआ हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। न्यूटाउन के बालीगुड़ी इलाके में मंगलवार को एक भाजपा कार्यकर्ता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मधु मंडल के रूप में हुई है। भाजपा ने इस जघन्य हत्याकांड का आरोप तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ताओं पर लगाया है।

विजय जुलूस के दौरान भड़की हिंसा

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब इलाके में भाजपा कार्यकर्ता चुनाव में जीत का विजय जुलूस निकाल रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान टीएमसी कार्यकर्ताओं ने जुलूस पर अचानक हमला बोल दिया। इस हमले में मधु मंडल को निशाना बनाया गया और उन पर लाठी-डंडों से घातक प्रहार किए गए। गंभीर रूप से घायल मधु को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें 'मृत घोषित' कर दिया।

हत्या की खबर फैलते ही पूरे बालीगुड़ी इलाके में भारी तनाव व्याप्त हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टेक्नोसिटी थाने की पुलिस और विधाननगर कमिश्नरेट के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित जवाबी हमले को रोकने के लिए इलाके में केंद्रीय बलों की तैनाती कर दी गई है।

भाजपा ने इस घटना को 'लोकतंत्र की हत्या' करार देते हुए कहा है कि सत्ता पक्ष हार के डर से हिंसा का सहारा ले रहा है। वहीं, टीएमसी नेतृत्व ने इन आरोपों को निराधार बताया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और पुलिस संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in