

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता के द हेरिटेज स्कूल की कक्षा 12 की छात्रा बियास दत्ता ने काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) की प्रतिष्ठित अल्बर्ट बैरो मेमोरियल ऑल इंडिया इंटर-स्कूल क्रिएटिव राइटिंग प्रतियोगिता 2026 में प्रथम स्थान हासिल किया है। उन्होंने श्रेणी-1 के अंतर्गत सर्वश्रेष्ठ निबंध वर्ग में यह उपलब्धि प्राप्त की।
13 जुलाई 2026 को आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के 125 केंद्रों पर कक्षा 11 और 12 के कुल 622 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। बियास ने सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय ‘अर्थ्स ग्रीन पल्स : सेविंग आवर प्लैनेट्स बीट’ था, जिसमें विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर रचनात्मक विचार प्रस्तुत करने थे।
CISCE के संस्थापक सचिव दिवंगत अल्बर्ट बैरो की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता के विजेताओं को फ्रैंक एंथनी मेमोरियल ऑल इंडिया इंटर-स्कूल डिबेट के राष्ट्रीय फाइनल में सम्मानित किया जाएगा। हेरिटेज स्कूल की प्रिंसिपल सीमा सप्रू ने बियास, उनके शिक्षकों और परिवार को इस उपलब्धि पर बधाई दी।