विष्णुपुर के तृणमूल विधायक पुरी से गिरफ्तार

दिलीप मंडल की तस्वीर
दिलीप मंडल की तस्वीर
Published on

दक्षिण 24 परगना : बंगाल से फरार होने के बावजूद विष्णुपुर के तृणमूल विधायक व पूर्व मंत्री दिलीप मंडल एसटीएफ की नजर से बच नहीं सके और उन्हें ओडिशा के पुरी स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि दिलीप मंडल पड़ोसी राज्य ओडिशा के पुरी में होटल लिली में छिपकर रह रहे थे। गुप्त सूचना मिलने के बाद जांचकर्ताओं ने वहां छापेमारी की। विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सोशल मीडिया पर विधायक का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। उस वीडियो में उन्हें कथित तौर पर धमकी भरे अंदाज में बोलते देखा गया। वीडियो में वह कहते सुनाई दे रहे थे, “15 साल तक बहुत संयम दिखाया। सबको शांति से रहने दिया, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।” उन पर भाजपा को खुलेआम धमकी देने का आरोप भी लगा। हालांकि, वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। वीडियो सामने आने के बाद दिलीप मंडल के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज की गईं। इसके बाद 14 मई की सुबह पुलिस और रैफ की टीम दिलीप मंडल के पैलान स्थित घर पहुंची और वहां तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई से इलाके में काफी हलचल मच गई। तलाशी के दौरान विधायक की आलीशान जीवनशैली देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। घर में कई महंगी गाड़ियां, स्विमिंग पूल, झूले और लकड़ी के कीमती फर्नीचर पाए गए। इतना ही नहीं, घर में एक कृत्रिम गुफा होने की भी जानकारी मिली। तलाशी अभियान के बाद से ही विधायक फरार थे और पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। इसी क्रम में 17 मई को एसटीएफ और डायमंड हार्बर जिला पुलिस के अधिकारियों ने विधायक के पुत्र अर्घ्य मंडल की तलाश में अभियान चलाया। अर्घ्य समेत पांच लोगों को बकखाली और फ्रेजरगंज इलाके से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से आग्नेयास्त्र भी बरामद किए गए। आरोप है कि ये लोग इलाके में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे थे। इस बीच सुरक्षा कवच की मांग को लेकर दिलीप मंडल ने कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था। पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर उनकी तलाश तेज कर दी थी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in