फाइल फोटो
फाइल फोटो

बिहार, झारखंड और बंगाल में फैले अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़

Published on: 

बंगाल एसटीएफ ने चलाया विशेष अभियान, 4 गिरफ्तार

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

राज्य पुलिस के एसटीएफ ने 17 दिनों तक चले एक अंतरराज्यीय अभियान के बाद बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में फैले एक बड़े अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के तहत पुलिस ने चार मुख्य हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बिहार के मुंगेर व जमुई और झारखंड के हजारीबाग से दबोचे गए प्रमुख सप्लायर शामिल हैं। इस अभियान की शुरुआत 27 सितंबर को हुई थी, जब एसटीएफ की टीम ने दुर्गापुर से जमुई निवासी मोहम्मद फरहान उर्फ मुसान को इंटरसेप्ट कर उसके पास से हथियार बरामद किए थे। इसके चार दिन बाद मुंगेर से मोहम्मद शाहनवाज आलम उर्फ गुंडू को गिरफ्तार किया गया। वहीं, अक्टूबर महीने में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए गणेश राणा और पवन कुमार सिंह को भी दबोच लिया गया।

हथियार और भारी नकदी बरामद

17 दिनों तक चले इस विशेष अभियान के दौरान एसटीएफ अधिकारियों ने तस्करों के पास से 3 पिस्तौल, 3 मैगजीन, 24 जिंदा कारतूस और 3.90 लाख रुपये की नकदी जब्त की है। मामले की जानकारी देते हुए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, \"इस बहुराज्यीय अभियान की सफलता से मुंगेर की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और झारखंड के सप्लाई हब से पश्चिम बंगाल में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक प्रमुख नेटवर्क और उसके मुख्य आपूर्ति मार्ग को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है। \"
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in