

कोलकाता : प्रसिद्ध समाजसेवी भिखम चंद पुगलिया ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता दिखाने के लिए गैर-सरकारी संस्था ‘कंसर्न फॉर कलकत्ता’ की सराहना की। शनिवार की रात आयोजित प्री-दीपावली समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उन्होंने संस्था के कार्यों को सराहनीय बताया।
समारोह में संस्था के अध्यक्ष नारायण जैन ने भिखम चंद पुगलिया का स्वागत किया। उन्होंने संस्था की गतिविधियों और संगठनात्मक विस्तार की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में 30 कॉर्पोरेट घराने और 515 सदस्य इससे जुड़े हुए हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में संस्था की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया। कुश, अनुराधा गुप्ता और उनके बेटे अंकुश ने गजलें प्रस्तुत कर श्रोताओं की वाहवाही बटोरी। वहीं, अनुजा बंदोपाध्याय, स्वाति और दृष्टा बनर्जी ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। भिखम चंद पुगलिया और जोईता बसु ने भी दो गीत प्रस्तुत कर समारोह में संगीत का रंग भर दिया।
इस अवसर पर संस्था के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र खंडेलवाल, पवन पहाड़िया और दीपक जैन उपस्थित रहे। इसके अलावा पदाधिकारियों पुष्पा अग्रवाल, के.एस. अधिकारी, सज्जन सुल्तानिया, के.सी. तिवारी, रानी दुग्गर और सीए ए.सी. पुगलिया सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया। समारोह में सामाजिक सहभागिता के साथ सांस्कृतिक उत्साह का भी सुंदर संगम देखने को मिला।