भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में लगाए जाएंगे एक लाख पौधे

16 अगस्त से शुरू होगा अभियान
भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में लगाए जाएंगे एक लाख पौधे
Published on

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर कोलकाता को अधिक हरित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से कोलकाता नगर निगम (केएमसी) बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान शुरू करने जा रहा है। इस संबंध में मंगलवार को केएमसी मुख्यालय में वन विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान की रूपरेखा और उसके क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई, बैठक के बाद एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अभियान के पहले चरण में भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में एक लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए उपयुक्त स्थानों का चयन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक क्षेत्रों में पौधारोपण कर हरित आवरण बढ़ाया जा सके। अभियान को सफल बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर भी आवश्यक समन्वय किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि भवानीपुर के अलावा शहर के अन्य इलाकों में भी वृक्षारोपण की योजना तैयार की जा रही है। इसके लिए खाली और उपयुक्त भूमि की पहचान का कार्य जारी है। निगम का लक्ष्य है कि आगामी दिनों में महानगर के विभिन्न वार्डों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जाए।

वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत 16 अगस्त से होगी

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार विशेष वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत 16 अगस्त से होगी और इसे 15 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के तहत लगाए जाने वाले पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि अधिकतम पौधे जीवित रह सकें और शहर की हरियाली में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित हो सके।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in