

दक्षिण 24 परगना : भांगड़ कॉलेज में छात्र संघर्ष और प्रदर्शन के बाद अब एबीवीपी नेता पर हमले का आरोप लगा है। स्थानीय एबीवीपी नेतृत्व का आरोप है कि मंगलवार को अदालत के लिए रवाना होने के दौरान रास्ते में आईएसएफ के लोगों ने उन पर हमला किया। एबीवीपी के दक्षिण 24 परगना विभाग संयोजक सायन मंडल पर आईएसएफ समर्थित लोगों ने कथित तौर पर हमला किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना भांगड़ विधानसभा क्षेत्र के उत्तर काशीपुर थाना अंतर्गत जामिरगाछी बस स्टैंड के पास हुई। घायल सायन का फिलहाल जिरानगाछा अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की एबीवीपी ने कड़ी निंदा की है और हमले में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उल्लेखनीय है कि भांगड़ कॉलेज की घटना के दौरान सायन ने एबीवीपी की ओर से प्रदर्शन का नेतृत्व किया था। पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में ISF का प्रदर्शन भांगड़ कॉलेज में छात्र संघर्ष और पुलिस के लाठीचार्ज के विरोध में आईएसएफ ने मंगलवार को घटकपुकुर-बासंती हाईवे पर विरोध मार्च निकाला और प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में आईएसएफ कार्यकर्ता जुलूस के साथ डीसी कार्यालय में ज्ञापन देने पहुंचे। प्रदर्शन को देखते हुए डीसी कार्यालय के सामने भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कार्यालय के सामने मुख्य सड़क को बैरिकेड लगाकर घेर दिया गया। इसके बाद आईएसएफ के सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने कार्यालय के अंदर जाकर ज्ञापन सौंपा। क्या है मामला? सोमवार दोपहर करीब 3:15 बजे भाजपा नेता सायंतन बसु की गाड़ी भांगड़ कॉलेज के बाहर पहुंची। आरोप है कि उस समय एसएफआई और आईएसएफ समर्थक छात्र-छात्राओं ने उनकी गाड़ी को कॉलेज परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया। कॉलेज का गेट बंद कर दिया गया और विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया। बाद में विवाद एबीवीपी समर्थकों के साथ भी झड़प में बदल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।