भांगड़ कॉलेज में अशांति के मामले में 4 गिरफ्तार

भांगड़ कॉलेज में अशांति के मामले में 4 गिरफ्तार
Published on

दक्षिण 24 परगना : भांगड़ कॉलेज में प्रदर्शन और अशांति के मामले में भांगड़ थाने की पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, एबीवीपी की छात्राओं के प्रति कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी, अश्लील इशारे और गाली-गलौज करने तथा कॉलेज की प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सायंतन बसु को परिसर में प्रवेश करने से रोकने के आरोपों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। सूत्रों के मुताबिक, इस घटना को लेकर छात्र-छात्राओं की ओर से भांगड़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। उसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो छात्र नेताओं—शाहरुख अख्तर अली मोल्ला और असलम हबीब—को गिरफ्तार किया है। वहीं, भांगड़ थाने में दर्ज स्वतः संज्ञान के मामले में दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रबिउल मिस्त्री और रबिउल जमान शेख के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उन पर अवैध रूप से जमावड़ा करने, कॉलेज परिसर में गैरकानूनी तरीके से प्रवेश करने और प्रबंधन समिति के अध्यक्ष को रोकने समेत कई आरोप लगाए गए हैं। कॉलेज परिसर में तनाव, पुलिस की तैनाती : कॉलेज में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए परिसर के बाहर पुलिस पिकेट तैनात की गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। गौरतलब है कि भांगड़ कॉलेज में सायंतन बसु को घेरकर प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी के साथ एसएफआई और आईएसएफ समर्थकों के बीच विवाद हुआ था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा था। इस बीच, छात्रों के हॉस्टल खाली करने का निर्देश दिए जाने के बाद भी नाराजगी सामने आई है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in