

रामबालक , सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना: भांगड़ को अशांत करने की कोशिश की जा रही है। यह आरोप भांगड़ के आईएसएफ विधायक नौशाद सिद्दीकी ने भांगड़ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लगाया। उन्होंने कहा कि हाल की बमबारी और गोलीबारी की घटनाएँ पूरी तरह से योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई हैं। विधायक सिद्दीकी ने जोर देकर कहा कि इन घटनाओं में उनके पार्टी आईएसएफ के किसी भी कार्यकर्ता का कोई हाथ नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई कार्यकर्ता शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। सिद्दीकी ने मामले की जांच एनआईए से कराने की मांग भी की। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय नेता शौकत मोल्ला ने अपनी सुरक्षा बढ़ाने के लिए इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया। उनका दावा है कि इस तरह की गतिविधियों का उद्देश्य भांगड़ के लोगों को परेशान करना और क्षेत्र में अशांति फैलाना है। विधायक ने कहा कि उनका मुख्य फोकस हमेशा शिक्षा, स्वास्थ्य और भांगड़ के विकास पर रहा है। उन्होंने बताया कि ऐसे प्रयास केवल उनके कार्यों और जनता की भलाई में बाधा डालने के लिए किए जा रहे हैं। भांगड़ में हाल की घटनाओं ने स्थानीय लोगों में डर और असमंजस पैदा कर दिया है। सिद्दीकी ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों से अनुरोध किया कि ऐसे प्रयासों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएँ और दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए।