

बारुईपुर : दक्षिण 24 परगना के भांगड़ कॉलेज में सोमवार को SFI और ISF कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के बाद इलाके में तनाव फैल गया था। इस घटना के सिलसिले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया था। इसी बीच ABVP नेता सायन मंडल पर हमला किए जाने का आरोप सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मंगलवार सुबह सायन घर से बारुईपुर जाने के लिए निकले थे। जामिरगाछी इलाके में पहुंचते ही उन पर हमला किया गया। ABVP ने आरोप लगाया है कि इस हमले के पीछे ISF के कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हैं। हमले में घायल सायन को पहले जिरानगाछा अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा के नेता अस्पताल पहुंचे और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। घटना की जांच में जुटी उत्तर काशीपुर थाने की पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज, विभिन्न वीडियो और अन्य संबंधित जानकारी जुटाई है। हमले के विरोध में बारुईपुर में ABVP का प्रदर्शन दूसरी ओर, भांगड़ में ABVP नेता सायन मंडल समेत कई कार्यकर्ताओं पर कथित हमले के विरोध में बुधवार को बारुईपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से विरोध मार्च निकाला गया। बारुईपुर थाने के सामने से यह विरोध मार्च शुरू हुआ। हाथों में संगठन के झंडे और नारे लगाते हुए ABVP के कार्यकर्ता और समर्थक मार्च में शामिल हुए। रैली बारुईपुर पुलिस जिले के एसपी कार्यालय के सामने पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।