निपाह वायरस: संक्रमित दोनों नर्स की स्थिति गंभीर

दोनों नर्स को कोलकाता के बेलियाघाट आईडी (इन्फेक्शस डिजीजेज) हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है
निपाह वायरस: संक्रमित दोनों नर्स की स्थिति गंभीर
Published on: 

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस से संक्रमित पाई गईं दो नर्स को कोलकाता के बेलियाघाट आईडी (इन्फेक्शस डिजीजेज) हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत बेहद गंभीर है। राज्य स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि दोनों स्वास्थ्यकर्मियों की सोमवार को वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।

अधिकारी ने बताया कि एक नर्स को मंगलवार रात अस्पताल लाया गया जबकि अस्पताल की ‘हाउस स्टाफ मेंबर’ के रूप में काम करने वाली दूसरी नर्स को बुधवार तड़के बर्दवान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘दोनों की स्वास्थ्य की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। वे अब भी कोमा में हैं और गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती हैं।’’ उन्होंने बताया कि संक्रमित नर्सों के संपर्क में रहे बारासात अस्पताल के एक रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर (आरएमओ) में भी निपाह के लक्षण दिखाई दिए।

उन्होंने कहा, ‘‘आरएमओ को पृथक-वास में रखा गया है, हालांकि कल्याणी एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) स्थित वायरस रिसर्च एंड डायग्नोस्टिक लेबोरेटरी (वीआरडीएल) में उनके नाक के बलगम, रक्त, मूत्र और गले के बलगम की जांच में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई।’’ राज्य स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार,नर्सों में से एक हाल में अपने गृहनगर कटवा, पुर्वी बर्धमान जिले से लौटी थी, जहां वह बीमार पड़ गई और उसे शुरू में 31 दिसंबर को एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘हालत बिगड़ने पर उन्हें बर्दवान मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित किया गया और फिर एक विशेष एंबुलेंस द्वारा बारासात अस्पताल ले जाया गया जिसके बाद उन्हें बेलियाघाट आईडी अस्पताल में भर्ती कराया गया।’’ एक सूत्र ने बताया कि दूसरी नर्स इससे पहले भारत-बांग्लादेश सीमा के पास स्थित नदिया जिले के घुगरागाची की यात्रा कर चुकी थी। निपाह वायरस एक सूचित करने योग्य बीमारी है जिसकी सूचना केंद्र सरकार को तुरंत देना आवश्यक होता है।

निपाह वायरस: संक्रमित दोनों नर्स की स्थिति गंभीर
बीजेपी नेता की सीएम ममता को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in