

दक्षिण 24 परगना : पश्चिम बंगाल में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण आम जनता का जीवन बेहद कठिन हो गया है। यह आरोप भाजपा की पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी ने लगाया। वह मथुरापुर सांगठनिक जिला भाजपा की ओर से मंदिरबाजार में आयोजित परिवर्तन संकल्प सभा को संबोधित कर रही थीं। सभा को संबोधित करते हुए लॉकेट चटर्जी ने कहा कि राज्य में शासन व्यवस्था पूरी तरह भ्रष्टाचार की गिरफ्त में है। हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है, जिससे आम आदमी को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार में भ्रष्टाचार को संरक्षण मिला है और जनता त्रस्त है। पूर्व सांसद ने दावा किया कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार में लिप्त सभी लोगों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ सरकार चलाने में विश्वास रखती है। बंगाल में बदलाव की आवश्यकता है और यह बदलाव भाजपा ही ला सकती है। लॉकेट ने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में नारी सुरक्षा की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार इस पर गंभीर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है, जिससे महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से मतदाता सूची से गलत और अवैध मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका उद्देश्य देश में अवैध घुसपैठ को रोकना और लोकतंत्र को मजबूत करना है। सभा में भाजपा के जिला अध्यक्ष नवेंदु सुंदर नस्कर, अशोक पुरकाइत सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में बंगाल में परिवर्तन का संकल्प लिया।