बंगाल शतरंज संघ ने शतरंज ओलंपियाड की तैयारियां शुरू कीं

बंगाल शतरंज संघ ने शतरंज ओलंपियाड की तैयारियां शुरू कीं
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में पहली बार शतरंज ओलंपियाड का आयोजन होने जा रहा है। इसकी घोषणा फिडे (FIDE) प्रशिक्षक और बंगाल शतरंज संघ के अध्यक्ष अतनु लाहिड़ी ने अंतरराष्ट्रीय शतरंज दिवस के अवसर पर आयोजित एक दिवसीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता के दौरान की।

राज्य भाजपा स्पोर्ट्स सेल और बंगाल शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में खुदीराम अनुशीलन केंद्र में आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य के 15 जिलों से लगभग 400 शतरंज खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उद्घाटन समारोह में राज्य के श्रम मंत्री भास्कर भट्टाचार्य, 2018 एशियाई खेलों के ब्रिज स्वर्ण पदक विजेता प्रणब बर्धन तथा भाजपा स्पोर्ट्स सेल के प्रमुख दीपांकर मोदक उपस्थित थे।

प्रतियोगिता में अंडर-7, अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13 और अंडर-15 वर्गों के विजेता बालक एवं बालिकाओं को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।

अतनु लाहिड़ी ने बताया कि यह शतरंज ओलंपियाड इस वर्ष नवंबर में आयोजित किया जाएगा। समाज के वंचित वर्गों के बच्चों को ध्यान में रखकर आयोजित किए जा रहे इस ओलंपियाड के पहले चरण में पूर्वी भारत के राज्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

रैपिड शतरंज प्रतियोगिता के मुख्य संरक्षक मर्लिन ग्रुप के प्रबंध निदेशक साकेत मोहता ने कहा, "मर्लिन ग्रुप हमेशा ऐसे खेलों के साथ खड़ा रहता है, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास में योगदान देते हैं।"

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in