फाइल फोटो
कोलकाता सिटी
बड़ाबाजार में बस यात्री से 75 हजार की चोरी,महिला समेत 5 गिरफ्तार
अभियुक्तों को 1 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत
कोलकाता :
बड़ाबाजार इलाके में एक चलती बस से यात्री के 75 हजार रुपये चोरी होने के मामले में कोलकाता पुलिस के लालबाजार स्थित वॉच सेक्शन की टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला और चार पुरुषों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार, यह घटना बीते अगस्त महीने की है, जब बड़ाबाजार इलाके में एक भीड़भाड़ वाली बस में यात्रा कर रहे पीड़ित के पास से 75 हजार रुपये चोरी हो गए थे। शिकायत मिलने के बाद लालबाजार के वॉच सेक्शन के जासूसों ने मामले की जांच शुरू की और गुप्त सूचना के आधार पर सभी पांचों आरोपियों को धर दबोचा। शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार पांचों आरोपियों को बैंकशॉल अदालत में पेश किया। पुलिस ने चोरी की रकम बरामद करने और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए उनकी हिरासत की मांग की। अदालत ने पुलिस की दलीलों को स्वीकार करते हुए सभी आरोपियों को 1 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।

