

बजबज : शिल्पांचल बजबज में गंगा किनारे स्थित ऐतिहासिक बीबी ग्राउंड की घेराबंदी को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। मैदान और पार्क के प्रवेश द्वारों पर टीन की चादरें तथा पक्की दीवारें खड़ी कर आम लोगों की आवाजाही बंद कर दी गई है। सुरक्षा बलों की तैनाती के बाद धार्मिक, सामाजिक और खेल गतिविधियों पर भी असर पड़ा है। स्थानीय निवासी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि ब्रिटिश काल से मौजूद इस मैदान में हर वर्ष धूमधाम से छठ पूजा का आयोजन होता रहा है। यहां करीब 5,000 से 7,000 श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए जुटते हैं। ऐसे में नवंबर में होने वाले महापर्व छठ के आयोजन को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, उक्त जमीन पोर्ट के अधीन है और इसे एक कंपनी को लीज पर दिए जाने की जानकारी है। घेराबंदी के कारण महालया, गुरु पूर्णिमा तथा गंगा स्नान और तर्पण के लिए आसपास के दो-तीन वार्डों से आने वाले लोगों का रास्ता भी बंद हो गया है। खेल गतिविधियां भी प्रभावित मैदान की घेराबंदी से खेल गतिविधियां भी ठप हो गई हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हरित क्षेत्र में मौजूद पेड़ों को हटाकर व्यावसायिक निर्माण की योजना बनाई जा रही है। इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर स्थानीय नागरिकों ने आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। उनका आरोप है कि जनहित के इस मुद्दे पर राजनीतिक दल और जनप्रतिनिधि उदासीन हैं। इस संबंध में पोर्ट अधिकारियों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।