

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : मृत पिता की जमा पूंजी को लेकर हुए विवाद में बासंती में दो भाइयों ने पीटकर बड़े भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने एक भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना शनिवार की शाम बासंती में हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक का नाम युसूफ अली मोल्ला (44) है। वह बासंती थाना क्षेत्र के उत्तर मोकामबेरिया पंचायत के हारभांगी गांव का निवासी था। वह तीन भाई है। कुछ दिन पहले युसूफ अली मोल्ला के पिता का निधन हुआ था। पिता की जमा पूंजी पर अधिकार को लेकर तीनों भाइयों — युसूफ अली मोल्ला, सईद अली मोल्ला और सैफुद्दीन मोल्ला के बीच विवाद चल रहा था। शनिवार शाम को यह विवाद चरम पर पहुंच गया। आरोप है कि सईद अली और सैफुद्दीन ने लाठी से मारपीट की, जिससे युसूफ गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना बासंती थाना को दी गई। मौके पर भारी पुलिस पहुंची और मृतक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिवार के अनुसार, सईद अली को पूछताछ के लिए गिरफ्तार किया गया और उन्हें थाना ले जाया गया। वहीं, आरोपित सैफुद्दीन अभी फरार है। मृतक के परिवार ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग की है।