

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: बारुईपुर में पुलिस पर हमला, सड़क जाम, आगजनी और पीट-पीटकर हत्या के आरोप में पुलिस ने रातभर अभियान चलाकर 22 और लोगों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को इसी मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसके साथ ही अब तक इस मामले में कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 40 हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को बारुईपुर में एक नाबालिग लड़की का शव बरामद होने के बाद इलाके में कई चरणों में तनाव और हिंसा फैल गई थी। इसी दौरान भीड़ ने केवल संदेह के आधार पर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इसके अलावा रेल और सड़क जाम, आगजनी तथा पुलिस पर हमले की घटनाएं भी सामने आईं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हुए हिंसा के वीडियो फुटेज की जांच के बाद आरोपियों की पहचान की गई। बुधवार को गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पुलिस हिरासत में पूछताछ कर रही है। साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश में रातभर अभियान चलाया गया, इसके बाद गुरुवार सुबह तक 22 और लोगों को पकड़ा गया। सभी आरोपियों को गुरुवार को बारुईपुर अदालत भेज दिया गया।