

दक्षिण 24 परगना : बारुईपुर में गुरुवार रात तृणमूल कांग्रेस नेता के घर में भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। आरोप है कि द्विजेन मंडल नामक तृणमूल नेता के घर में बड़ी संख्या में बम और विस्फोटक रखे गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बारुईपुर पूर्व के उत्तरभाग इलाके में लालपोल के पास द्विजेन मंडल के दो मंजिला मकान में गुरुवार रात विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि घर की खिड़कियां और दरवाजे उड़ गए। विस्फोट के प्रभाव से घर का शटर और टीन की चादरें भी उखड़कर पास के एक मकान में जा गिरीं। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। लेकिन आसपास के कुछ लोगों के अस्वस्थ होने की शिकायत सामने आई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विस्फोट के समय तृणमूल नेता घर पर मौजूद नहीं थे। बताया जाता है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से उन्हें इलाके में ज्यादा नहीं देखा गया है। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि सिलेंडर फटने के कारण विस्फोट हुआ हो सकता है। हालांकि, मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। बारुईपुर पुलिस जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “कल रात विस्फोट हुआ। पहली नजर में ऐसा लगता है कि सिलेंडर फटने के कारण यह घटना हुई। कल रात ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची थी। फॉरेंसिक टीम भी आएगी और पूरे मामले की जांच करेगी।”