

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: बारुईपुर पोस्ट ऑफिस के माध्यम से भारी मात्रा में पक्षियों के पंख विदेश भेजने की कोशिश के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मिनातुल्लाह नेगाबान के रूप में हुई है, जो दक्षिण 24 परगना जिले के ढोलहाट थाना क्षेत्र के उत्तराबाद इलाके का निवासी है। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए पंख किंगफिशर (मछरंगा) पक्षी के हैं, जिन्हें साड़ियों के बीच छिपाकर चीन भेजने की योजना थी। जानकारी के अनुसार, सोमवार को मिनातुल्लाह नेगाबान बड़े-बड़े पैकेट लेकर बारुईपुर डाकघर पहुँचा। उसने डाकघर कर्मचारियों को बताया कि वह साड़ियाँ पार्सल करना चाहता है। हालांकि पैकेटों का आकार और वजन देखकर कर्मचारियों को संदेह हुआ। उन्होंने पार्सल की जाँच करने के लिए आरोपी से पैकेट खोलने को कहा। इसी दौरान आरोपी घबरा गया और डाकघर से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन कर्मचारियों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। जब पैकेट खोले गए तो साड़ियों के बीच रंग-बिरंगे पक्षियों के पंख भरे हुए मिले। इसके बाद तुरंत बारुईपुर थाने को सूचना दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने कुल 41 पैकेट पक्षियों के पंख बरामद किए और आरोपी को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये सभी पंख किंगफिशर पक्षी के हैं, जिनका अवैध रूप से अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस्तेमाल किया जाता है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि वह ये पंख बिहार से लेकर आया था, लेकिन पुलिस उसके बयान को पूरी तरह विश्वसनीय नहीं मान रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस मामले के पीछे एक संगठित तस्कर गिरोह सक्रिय हो सकता है, जो लंबे समय से वन्यजीव अंगों की तस्करी में लिप्त है। आरोपी को बारुईपुर अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी नेटवर्क की कड़ियों की तलाश में जुट गई है। वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत भी मामले की जांच की जा रही है।