

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बारुईपुर के धपधपी के सूर्यहाट इलाके में नाबालिग से कथित दुष्कर्म और उसकी नृशंस हत्या के मामले के बीच उसी तालाब से एक और शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। नाबालिग का शव बरामद होने के लगभग 24 घंटे बाद पुलिस ने उसी तालाब से एक व्यक्ति का शव बरामद किया। मृतक की पहचान कृष्णकांत हालदार के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार कृष्णकांत पिछले शुक्रवार से लापता था। नाबालिग का शव मिलने के बाद पुलिस तालाब में तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक और शव बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उसकी मौत हत्या के कारण हुई है या किसी अन्य वजह से। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का पता चल सकेगा। जांच अधिकारी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि कृष्णकांत की मौत का नाबालिग हत्याकांड से कोई संबंध है या नहीं। पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है और यह भी जांच की जा रही है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी या विवाद था अथवा नहीं। बारुईपुर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।