

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : नशीले पदार्थों और साइकोट्रोपिक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बारुईपुर पुलिस जिला की ओर से मंगलवार को जागरूकता रैली निकाली गई। रैली बारुईपुर पुलिस जिला के एसपी कार्यालय के सामने से शुरू होकर बारुईपुर स्थित रवींद्र भवन तक पहुंची। रैली में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी टीम, आबकारी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, आम लोगों और ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने भाग लिया। इस दौरान लोगों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों और इससे दूर रहने के प्रति जागरूक किया गया। बारुईपुर पुलिस जिला के पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार आनंद सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। बारुईपुर पुलिस जिला की ओर से बताया गया कि नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम क्षेत्र में नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। पुलिस का उद्देश्य आम लोगों, विशेषकर युवाओं को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देना है।