

दक्षिण 24 परगना : बारुईपुर पुलिस जिला के अंतर्गत जीवनतला थाना पुलिस ने मोबाइल टॉवरों से बैटरी चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई 24 में से 22 एक्साइड बैटरियां बरामद की हैं। साथ ही चोरी की बैटरियों के परिवहन में इस्तेमाल किया गया एक वाहन भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम अकरम अली (40), सरवर अली (44), हसनुर रहमान साहाजी, शहरुल शेख और कलाम मोल्ला हैं। अकरम और सरवर हावड़ा के बेलूड़ के रहने वाले हैं, जबकि अन्य तीन आरोपित जीवनतला के माथेरदिघी और नेत्रा इलाके के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को जीवनतला थाना क्षेत्र के सारेंगाबाद स्थित इंडस मोबाइल टॉवर से 300 एएच क्षमता वाली 24 एक्साइड बैटरियां और उनके कनेक्टर चोरी कर लिए गए थे। इस संबंध में जीवनतला थाना में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 16 नवंबर को एक वाहन को रोककर तलाशी ली। इस दौरान आठ चोरी की बैटरियां बरामद हुईं और दो आरोपित पकड़े गए। बाद में पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ के आधार पर तीन अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर 14 और बैटरियां बरामद की गईं। पुलिस ने बताया कि सभी पांच आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी की बाकी दो बैटरियों और चोरी का सामान खरीदने वालों की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपित अन्य मोबाइल टॉवरों में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल थे या नहीं।