28 किलो गांजा के साथ पांच गिरफ्तार

पुलिस जांच में जुटी
बरामद गांजे की जांच करती पुलिस
बरामद गांजे की जांच करती पुलिस
Published on: 

बारुईपुर : अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बारुईपुर पुलिस जिला के अंतर्गत बारुईपुर थाना और एसओजी की संयुक्त टीम ने बुधवार को तड़के बारुईपुर-बारासात बस स्टैंड के पास पद्मपुकुर इलाके में छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साबिर मल्लिक (37), मोनावर हुसैन मोल्ला (31), तपन डोले (30), सुरेश दास (32) और अख्तर अली लस्कर (44) के रूप में हुई है। इनमें साबिर मल्लिक और अख्तर अली लस्कर बारुईपुर, मोनावर हुसैन मोल्ला मगराहाट, तपन डोले ओडिशा के मयूरभंज तथा सुरेश दास ओडिशा के धर्मशाला के निवासी बताए जा रहे हैं। उनके पास से 28 किलोग्राम गांजा, 5,100 रुपये नकद, कई मोबाइल फोन, एक टाटा आरिया कार, एक महिंद्रा एक्सयूवी 500 गाड़ी जब्त की गई। पुलिस के अनुसार, गांजा को टाटा आरिया गाड़ी के चेसिस के नीचे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चैम्बर में छिपाकर ले जाया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मादक पदार्थ ओडिशा से बारुईपुर लाया जा रहा था, जहां कथित तौर पर इसकी स्थानीय स्तर पर आपूर्ति की योजना थी। गिरफ्तार किए गए सभी पांच आरोपियों को पुलिस हिरासत की मांग के साथ न्यायालय में भेज दिया गया। पुलिस इस अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क की व्यापकता, इसके अन्य सदस्यों और पूरे तस्करी गिरोह से जुड़े पहलुओं का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News