बारुईपुर नगरपालिका पर करीब 7 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप

बारुईपुर नगरपालिका पर करीब 7 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप
Published on

दक्षिण 24 परगना : बारुईपुर नगरपालिका के चेयरमैन शक्ति रायचौधरी और वाइस चेयरमैन गौतम दास पर करीब 7 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप भाजपा नेता अभिजीत दास ने लगाया है। वहीं, बारुईपुर नगरपालिका के चेयरमैन ने आरोपों को ‘निराधार’ बताते हुए पलटवार किया है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही पुराने भ्रष्टाचार के आरोप एक के बाद एक सामने आ रहे हैं। अब बारुईपुर नगरपालिका के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पर करीब 7 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। भाजपा नेता अभिजीत ने दावा किया है कि नगरपालिका के कुल 42 बैंक खातों में से 17 खातों में वित्तीय अनियमितताएं सामने आई हैं। इस संबंध में उन्होंने गुरुवार को प्रशासन के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई है। अभिजीत का आरोप है कि इस वित्तीय अनियमितता में बारुईपुर नगरपालिका के चेयरमैन शक्ति रायचौधरी वाइस चेयरमैन गौतम सीधे तौर पर शामिल हैं। उन्होंने इस तरह के कथित भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए नगरपालिका में तत्काल प्रशासक नियुक्त करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने राज्य के नगर विकास मंत्री से मामले की विभागीय जांच कराने की भी अपील की है। अभिजीत ने कहा, “जनता को यह जानने का अधिकार है कि उनके पैसे कहां खर्च किए गए हैं। पिछले 15 वर्षों से बारुईपुर नगरपालिका भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई है।” गौरतलब है कि पिछले जून महीने के अंत में भाजपा ने बारुईपुर में तालाब भरने और अवैध बहुमंजिला इमारतों के निर्माण का आरोप लगाते हुए नगरपालिका के चेयरमैन और पार्षदों के खिलाफ नगर विकास विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उस मामले का विवाद अभी पूरी तरह थमा भी नहीं था कि एक बार फिर बारुईपुर नगरपालिका चर्चा में आ गई है। बारुईपुर नगरपालिका के वित्तीय लेन-देन को लेकर भाजपा नेता द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद क्षेत्र में एक बार फिर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in