

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बारुईपुर पुलिस जिले के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर 12 वर्षीय नाबालिग की हत्या के मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त का नाम आनंद सरदार है। अभियुक्त को सोमवार की दोहपर बारुईपुर बाजार से पकड़ा गया। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार अभियुक्तों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। अन्य अभियुक्तों के नाम प्रभास मंडल और दिवाकर सरदार हैं। दोनों अभियुक्तों को बारुईपुर अदालत में पेश करने पर दोनों को 14 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मुख्य अभियुक्त को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस मामले की जांच के लिए राज्य पुलिस ने रविवार को बारुईपुर पुलिस की एडिशनल एसपी के नेतृत्व में छह सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। इसके अलावा पुलिस कुछ अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस तरह इस घटना को लेकर दर्ज मामलों की संख्या चार हो गई है। रेलवे लाइन अवरुद्ध करने की घटना को लेकर भी अलग मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए बीएनएस की धारा 163 जारी
बारुईपुर, नरेंद्रपुर और सोनारपुर थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 163 जारी की गई है। क्षेत्र में किसी भी प्रकार की सभा और जमावड़े पर प्रतिबंध लगाया गया है। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार गश्त की जा रही है। सूत्रों के अनुसार अब तक चार मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें एक जघन्य अपराध से जुड़ा मामला है, जबकि अन्य तीन अलग-अलग घटनाओं से संबंधित हैं। परिवार ने चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। संदिग्ध की भीड़ द्वारा हत्या की घटना में सांप्रदायिक पहलू भी सामने आ रहा है। गौरतलब है कि 12 वर्षीय बच्ची शनिवार से लापता थी। इसके बाद रविवार को उसका शव एक तालाब से बरामद किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में भारी तनाव फैल गया था। इसके बाद लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं। पुलिस और केंद्रीय बलों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। सोमवार की सुबह से पूरे क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।