

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: बारूईपुर थाना पुलिस ने गुरुवार रात विशेष अभियान चलाकर अवैध हथियार के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तरभाग पंप हाउस के पास कुछ संदिग्ध लोग हथियार के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर एसआई अर्घ्य मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अनवर हुसैन लस्कर (30), सत्तार सरदार (22) और सलमान मंडल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देसी निर्मित आग्नेयास्त्र (शूटर) बरामद हुआ, जिसमें लकड़ी का बट, ट्रिगर और फायरिंग पिन लगा हुआ था। हथियार की लंबाई करीब 12 इंच बताई गई है। इसके अलावा एक जिंदा कारतूस भी जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो लोहे की रॉड भी बरामद की हैं, जिनमें एक लगभग 24 इंच और दूसरी करीब 18 इंच लंबी है। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे इन हथियारों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से करने वाले थे और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है। बारूईपुर पुलिस का कहना है कि इलाके में अपराध पर लगाम लगाने के लिए आने वाले दिनों में ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे।