गांजा तस्करी के आरोप में दो गिरफ्तार, 85 किलो गांजा बरामद

बारुईपुर थाने की तस्वीर
बारुईपुर थाने की तस्वीर
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

बारुईपुर : मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बारुईपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गांजा की तस्करी के आरोप में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम मोरसेलिम मोल्ला और माबूद हालदार बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों को चंपाहाटी इलाके से पकड़ा है। अभियुक्तों के कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि चंपाहाटी इलाके में गांजा की बड़ी खेप की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर बारुईपुर थाने की पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया और इलाके में छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल दो व्यक्तियों को रोका गया और तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 85 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजा को अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखा गया था, जिसे किसी अन्य स्थान पर सप्लाई किए जाने की तैयारी थी। पुलिस का अनुमान है कि जब्त किए गए गांजा की बाजार कीमत लाखों रुपये है। प्राथमिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि अभियुक्त किसी संगठित तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं और लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हैं। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने आगे की जांच के लिए रिमांड की मांग की है। पूछताछ के दौरान पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन-किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था।बारुईपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने के लिए लगातार जांच कर रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के लोगों में संतोष देखा जा रहा है और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान को और तेज किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in