

बारुईपुर : बारुईपुर में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बूथ अध्यक्ष राजीव विश्वास की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त अमित मंडल को मुंबई के नालासोपारा इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया है। अमित मूल रूप से बारुईपुर के शिखरबाड़ी 2 नंबर पंचायत के गोपालपुर का निवासी है। हत्या की घटना के बाद से ही वह फरार था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के तुरंत बाद अमित ने अपना मोबाइल नंबर और सिम कार्ड बदल दिया था, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो गया था। हालांकि, बारुईपुर थाने की विशेष टीम ने तकनीकी निगरानी के माध्यम से उसके मोबाइल का आईएमईआई नंबर ट्रैक किया और आखिरकार मुंबई में उसके ठिकाने का पता लगाया। इसके बाद एक टीम ने मुंबई जाकर 13 सितंबर की देर रात उसे उसके ससुराल से गिरफ्तार किया। ट्रांजिट रिमांड पर उसे बारुईपुर लाया गया और अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में एक व्यक्ति को बांस से पीटते हुए देखा गया था। जांच के बाद पुष्टि हुई कि वीडियो में मारपीट करने वाला व्यक्ति अमित मंडल ही है। हालांकि, इस मामले में शामिल एक अन्य अभियुक्त सूर्यकांत अभी भी फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। गौरतलब है कि 8 अगस्त की रात बारुईपुर के उकिलपाड़ा इलाके के वार्ड नंबर 15 में राजीव विश्वास पर जानलेवा हमला किया गया था। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन 9 अगस्त की सुबह उनकी मौत हो गई थी। इस हत्या के मामले में पुलिस ने पहले ही राजीव के पिता निताई विश्वास और छोटे भाई संदीप विश्वास को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्या की साजिश संदीप विश्वास ने ही रची थी। उसने अपने भाई की हत्या करवाने के लिए अमित मंडल और सूर्यकांत को शामिल किया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और सूर्यकांत की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।