बाइक चोरी के आरोप में दो गिरफ्तार

तीन चोरी की बाइक बरामद
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: बारुईपुर पुलिस ने बाइक चोरी के एक मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम अयन मंडल और सौमेन मंडल बताए गए हैं। दोनों अभियुक्त सुंदरवन कोस्टल क्षेत्र के निवासी हैं और लंबे समय से बाइक चोरी की वारदातों में शामिल होने का संदेह है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 21 जनवरी को बारुईपुर थाना क्षेत्र के उत्तर भाग इलाके के एक निवासी ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें दो संदिग्ध युवकों की गतिविधियाँ कैमरे में कैद हुई थीं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने अभियुक्तों की पहचान तो कर ली, लेकिन काफी समय तक उनका कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया। इसके बाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दोनों अभियुक्त पियाली इलाके में सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पियाली इलाके में तलाशी अभियान चलाया और दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिन्हें विभिन्न इलाकों से चुराया गया था। पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्त पियाली इलाके में एक मकान किराए पर लेकर रहते थे और वहीं बैठकर बाइक चोरी की योजना बनाते थे। चोरी के दौरान एक अभियुक्त मोटरसाइकिल चुराने का काम करता था, जबकि दूसरा आसपास नजर रखता था ताकि किसी को शक न हो। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को बाद में सुंदरवन इलाके में कम दामों पर बेच दिया जाता था। फिलहाल पुलिस दोनों अभियुक्तों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि अभियुक्तों ने केवल बारुईपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के अन्य थाना क्षेत्रों में भी कई बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है और चोरी की मोटरसाइकिलें किन लोगों को बेची गई थीं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in