

दक्षिण 24 परगना : बारूईपुर थाना पुलिस ने अवैध रूप से देश में रह रहे एक बांग्लादेशी दंपत्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम सफीकुल इस्लाम मोल्ला (45) और उसकी पत्नी मोनेरा बेगम (32) बताए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों बांग्लादेश के जशोर जिले के मणिरामपुर थाना अंतर्गत चालुहाटी गांव के निवासी हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त दंपत्ति बारूईपुर थाना क्षेत्र के गणेशपुर स्थित मेथोपाड़ा इलाके में रह रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में अभियान चलाया और कुर्बान खान के घर से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया है कि दंपत्ति मल्लीकपुर पोस्ट ऑफिस क्षेत्र के अंतर्गत लंबे समय से किराये पर रह रहा था। प्राथमिक जांच में पता चला है कि दोनों बिना वैध दस्तावेज के देश में रह रहे थे। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वे कब और किन परिस्थितियों में सीमा पार कर भारत पहुंचे। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर उन्हें किसने शरण दी और पहचान छिपाने में किसने मदद की, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को अदालत में पेश किया। मामले की जांच जारी है। उल्लेखनीय है कि सोमवार को एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया गया था।