

बारुईपुर : गांजा की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनारपुर और बारुईपुर पुलिस की एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस अभियान में 50 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त करने के साथ ही तस्करी के आरोप में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार देर रात की गई।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मतियार शेख उर्फ सुल्तान (65), प्रकाश हवलदार (33), पंकज हवलदार उर्फ पोकाई (39), सुरजीत फलिया (24), आशा नंदी (61), अर्चना राय (60) और कल्पना पोद्दार (55) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मतियार शेख दक्षिण 24 परगना के जीवनतला थाना क्षेत्र का निवासी है, जबकि प्रकाश हवलदार पश्चिम बर्दवान जिले का रहने वाला है। वहीं कल्पना पोद्दार मालदह जिले की निवासी बताई जा रही है। अन्य अभियुक्त भी विभिन्न जिलों से जुड़े हुए हैं। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कालिकापुर–1 ग्राम पंचायत अंतर्गत नाटागाछी इलाके में छापेमारी कर सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में मादक पदार्थ और तस्करी से जुड़े कई अहम सबूत मिले। जब्त किए गए सामानों में कुल 50 किलोग्राम 494 ग्राम गांजा, 7 बैग, 23,331 रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन और 3 रेलवे टिकट शामिल हैं। पुलिस का अनुमान है कि गांजा को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए रेलवे मार्ग का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस मामले में सोनारपुर पुलिस थाने में एनडीपीएस (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन-किन जगहों पर की जानी थी। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी जल्द हो सकती है। इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।